बांसडीह में ज्वलनशील पदार्थ से युवक की हत्या का मामला:4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी ने कहा- बहन को परेशान करने पर दी सजा
बलिया के बांसडीह में एक युवक की ज्वलनशील पदार्थ से हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान में यह कार्रवाई की गई।
मामला 5 सितंबर 2025 का है। पीड़िता ने बांसडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दुर्गेश कुमार पांडेय ने उसके नाती को पेवन का ढाला, खेवसड़ में बुलाया। वहां अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की और ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया, जिससे पीड़ित बुरी तरह झुलस गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुर्गेश कुमार पांडेय (24), उसकी बहन संगीता पांडेय (19), दुर्गेश उपाध्याय उर्फ गोलू (20) को सुबह 5:45 बजे गिरफ्तार किया। चौथे आरोपी संतोष यादव को सुबह 6:10 बजे उसके घर से पकड़ा गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी दुर्गेश कुमार पांडेय ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि राजकुमार तिवारी उसकी बहन संगीता को लगातार परेशान करता था। कई बार समझाने के बावजूद नहीं माना, इसलिए उसने अपनी बहन और दोस्तों के साथ मिलकर यह वारदात की।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 352, 124(1), 3(5) बीएनएस और बढ़ोत्तरी धारा 61(2)/105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
